वापस खींचो सारे छुरे तुमने घोंपे थे - असद ज़ैदी

Asad Jadiअसद ज़ैदी31 Aug 1954

6 min read · 12.4K reads

हँसली के ऊपर गुर्दों के आसपास
लौटाओ लोगों को मुर्दाघरों से

इमर्जेंसी वार्ड में जहाँ ड्यूटी पर लगे
दो उनींदे डॉक्टर तुम्हारे किसी शिकार को
बचाने की कोशिश कर रहे हैं
वे ऐसे तो उसे बचा नहीं पाएँगे

खींचकर वापस लाओ
उन सब मरते हुए लोगों को
बिठाओं उन्हें उनकी बैठकों और काम करने की जगहों में
सुनो उनसे उनके पसंदीदा मज़ाक

जब उनमें से किसी की औरत चाय लेकर आये
तो हस्बे-मामूल बोलो नमस्ते भाभी
और कोई बच्चा-बच्ची झाँकते दिखाई दें तो
बुलाओ और कहो देखो ये रहे तुम्हारे पापा

वापस लो अपनी चश्मदीद गवाहियाँ
जिनका तुमने रिहर्सल किया था
बताओ कि इबारत और दीद भयानक धोख़ा थीं
और याद्दाश्त एक घुलनशील ज़हर
फिर से लिखो अपना
सही सही नाम और काम

उन समाचारों को फ़िर से लिखो
जो अफ़वाहों और भ्रामक बातों से भरे थे
कि कुछ भी अनायास और अचानक नहीं था
दुर्घटना दरअसल योजना थी

मत पोंछो हर जगह से अपनी उँगलियों के निशान
छुड़ाओ अपने बालों से वह बेहूदा खि़जाब

फिर से बनाओ वही हथेलियाँ
जो पसीजती थीं एक मासूम पशुता से
और मनुष्यता के ताप से।
Asad Jadi
About the poet

Asad Jadi असद ज़ैदी

असद ज़ैदी कुछ प्रमुख कृतियाँ बहनें और अन्य कविताएँ, कविता का जीवन, सामान की तलाश

View profile & all 47 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like