यह भरतनाट्यम का एक पोज़ नहीं है

अरुणाभ सौरभअरुणाभ सौरभ9 Sept 1985

1 min read · 12.4K reads

तुम समय के खिलंदड़ेपन से अंजान

समय में ताल भरने के निमित्त

भर देती हो कुछ ध्वनि

जबकि तुम अपनी बेहद सुंदर आँखों से

गोल-गोल देखती हो दुनिया

कभी कह नहीं सकती हो, कि—

“मेरी दुनिया मर गई है।

मैं उसका मार्सिया लिख रही हूँ।”

इस समय में

जबकि टेलीविज़न से चलने वाली गोली ने

छलनी कर दी संगीत की छाती

और तुम गा रही हो...

“मधुकर निकर करम्बित कोकिल...’’

जब नृत्य करने वाले पाँवों को काटकर

बाज़ार में बेचा जा रहा है

तुम भरतनाट्यम के एक पोज़ में

थिरका देती हो पाँव

तुम्हें नृत्य करना है—ताउम्र

गाना है—ताउम्र

अबकी अरुंधति रॉय से कहीं भेंट हुई तो कह दूँगा :

किसी की दुनिया आसानी से नहीं मरती

जिसकी शिनाख़्त पर मार्सिए की क़वायद हो

और एक लड़की ने

चौदह साल की उम्र में ठान लिया है कि

वह अपनी दुनिया में जमके जिएगी

एक ऐसी दुनिया गढ़ेगी जिसमें

गा सके खुलेआम

निःस्वार्थ कर सके भरतनाट्यम

शायद उसके बुलंद हौसले को मिल ही जाए मंज़िल

वैसे शुक्रिया मेरी बच्ची

मैं गर्व से कहता हूँ कि

ईश्वर की कोई औक़ात है तो

मुझे ही नही,

हर किसी को

एक बिटिया ऐसी ही दे जो बिल्कुल इसी की तरह हो

बिल्कुल इस लड़की की तरह...

गीत जिसका शौक़

नृत्य जिसकी मंज़िल...

अरुणाभ सौरभ
About the poet

अरुणाभ सौरभ

View profile & all 45 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like