हवलदार जैसे दिखा कि उसी के साथ
अपने आप जेब के भीतर जाता है हाथ
आजकल कहो कौन लेता नहीं पैसा
कहते हैं यमराज पर वह भी है वैसा
क्या फ़ालतू में पलंग के नीचे छिपता
अरे यम को करो चुकता सिर्फ़ उस का हफ़्ता
योगासन तीरथ, या दूसरे व्यायाम
कुछ नहीं, यम को दो रिश्वती हरिनाम
पैदा होने के सिवा तुमने क्या किया अपराध
कहो उससे, ऐसा नहीं होगा अब इसके बाद
इस बार छोड़ दो फिर नहीं लूँगा जनम
मर जाने पर क्या आदमी की इज़्ज़त-शरम
लोग कहेंगे, स्साला, मेरी होगी छी: थू
मरना ही था तो पैदा हुआ ही क्यों तू
अकारण बार-बार हमें लेना जनम
बदलनी ही चाहिए इस क़ायदे की क़लम
झोंक धूल, दे झूल, हो सटक सनंदन
क्या ज़रूरत, दबा हाथ, मोड़ के दे रघुनंदन
यमराज को कुछ नहीं बस दो रिश्वती हरिनाम
जाएगी वह बीमारी ठोंक कर सलाम
कहे बलवंतबुवा बार-बार क्यों वही
इससे भला है मैं मरता ही नहीं।








