ग्रह

अरुण कमलअरुण कमल15 Sept 1954

1 min read · 12.4K reads

आख़िर क्या मतलब है दूर बैठे उस ग्रह को

कि वह तय करे कि क्या होगा अभी इस वक्त़ मेरे साथ

अजीब बात है कि अपने ही छल्लों में फँसा शनि

चित पट करे कि गिलास का यह पानी मेरा कंठ

भिगोए या नहीं

और चावल का बोरा जिसके दाने-दाने पर लिखा है

खाने वाले का नाम (कितनी मेहनत है लिखने वाले को)

वहाँ लिखे या छोड़ दे मेरा नाम

ऐसा क्यों लग रहा है मानो मैं झुनझुने का कंकड़

पक्की सिलाई के पहले कच्ची सिलाई का लंगड़

आख़िर क्या मतलब है इसका कि इतने-इतने ग्रह-नक्षत्र

अभी रात के दो बजे

मेरा नक़्शा पसारे योजना बनाएँ जँभाइयाँ लेते

कि अगली सुबह क्या हश्र हो इस पुतले का

बम से मरे या गोली से

और मैं अनजान कपड़ा बदलती किशोरी-सा

जिसे दूर छत से घूरता हो कोई अधेड़ साँस रोक

आख़िर क्या मतलब है दूर बैठे उस ग्रह को

कि परदे के पीछे से मेरे बोल बताए

मैं मुँह चलाऊँ वो गाना गाए

कब कहाँ हँसना रोना बताए

हाथ से छीन कर पूआ ठूँस से बर्गर-पिज्जा

और अंतिम दृश्य के ठीक पहले जब होंठ पर हों

होंठ

कि यवनिका-प्रस्थान

जब देखो तब डालता है लक्कड़

जहाँ-जहाँ पोच है ठोंक दो पच्चड़

आख़िर क्या मतलब है इसका कि एक रात

जब मैं खोलूँ दरवाज़ा तो पाऊँ किसी घर में

बैठा है केतु, चंद्रमा किसी में किसी में राहु—

‘अजीब मुश्किल है आदमी की ज़िंदगी में एकदम

पेंच की तरह या कहिए जोंक की तरह बैठे हैं आप’

और तब मंगल ठठाकर हँसे और बोले—

‘हम हों कि न हों कोई है तो ज़रूर

पास या दूर कोई है पर ज़रूर!’

अरुण कमल
About the poet

अरुण कमल

View profile & all 83 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like