अमरफल

अरुण कमलअरुण कमल15 Sept 1954

1 min read · 12.4K reads

 

एक

तोते का जुठाया अमरूद दो मुझे
जिसके भीतर की लालिमा फूटती हो बाहर
गिलहरी के दाँतों के दाग़वाला जामुन दो काला
अंधकार के रस से भरा हुआ
पक कर अपने ही उल्लास से फटता 
एक फल दो शरीफ़े का 
और रस के तेज़ वेग से जिस ईख के 
फटे हों पोर
वह ईख दो मुझे
और ख़ूब चौड़े थन वाली गाय का दूध 
जिसके चलने भर से 
छीमियों से झरता हो दूध

मुझे छप्पन व्यंजन नहीं
बस एक फल दो सूर्य का लाल फल
जिसे बस एक बार काटूँ
और अमर हो जाऊँ
वही अमरफल!

दो

सबसे अच्छे फल थे वे
जो ऋतु में आए
जब पौधा था
पूरे उठान पर

लेकिन सबसे अंतिम फल ही
जो पड़े डाल पर ज्वाए
टेढ़े बाँगुर
अगली ऋतु के लिए सहेजे हमने 
वही अमरफल!

अरुण कमल
About the poet

अरुण कमल

View profile & all 83 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like