बादशाह ख़ान के प्रति
बुढ़ापे का मतलब है सुबह-शाम
खुली हवा में टहलना बूलना
बुढ़ापे का मतलब ताज़ा सिंकी रोटियाँ
शोरबे में डबो-डबो खाना
बुढ़ापा यानी पूरे दिन खाट पर
हुक्का गुड़गुड़ाना, आते-जाते
किसी भी आदमी को रोक कर
ख़ैरियत पूछना
बुढ़ापा यानी पूजा, ध्यान और तस्बीह के दाने
बुढ़ापा यानी पोते-पोतियों को गोद में भरे
बैठना निश्चिंत, परियों के क़िस्से सुनाना
मगर बुढ़ापे का मतलब बादशाह खान भी है
बुढ़ापे का मतलब
खुली हवा के लिए
रोटी और शोरबे के लिए
दुनिया भर के पोते-पोतियों के लिए
गिरफ़्तारी, जेल और पीठ पर कोड़े
ज़ुल्म के ख़िलाफ़ लड़ने की उम्र कभी ख़त्म नहीं होती
उम्रदराज़ हो तुम्हारी, चिनार देवदारु बादशाह खान
न विवशता, न थकान, न स्यापा
हो, तो ज़िंदगी की नोक हो बुढ़ापा








