कह रहा था मैं कुछ
ठीक उसी तरह जैसे बाँसुरी के इक छोर पर कहती है हवा
और जो देर तक गूँजता रहता है
मन की बावड़ी में
जिसकी सीढ़ी पर बैठे-बैठे
भीग जाती हैं आँखें
यह किसका रुदन है
कौन-सी भाषा में हिचकियाँ बुदबुदाती हैं अपने पश्चाताप
न जाने क्या कहा हवा ने
और क्या तो सुना बाँस के उस खोखले टुकड़े ने
जहाँ कब से बैठा था वह सघन दुःख
जो इस धरती का है
किसी दरवेश, फ़क़ीर, संत का है
कि प्रेमरत जोड़ो के सामूहिक वध पर
विलाप करते उस क्रौंच का है
जो रो रहा है तबसे
जब अर्थ तक पहुँचने के लिए
शब्दों के पुल तक न थे
और तभी से भीगा है
लय का कंठ
और जिसे कहने की कोशिश में रुँध जाता है मेरा गला








