सुंदर, लंबा क़द, नीची की हुई आँख वाला, स्मृतिशील
बत्तीस, लक्षणों से युक्त वह
राहुल, भद्रा कपिलायनी और महल से जब निकला
आषाढ़ की पूर्णिमा थी
''गृहकारक मैंने तुम्हें पहचान लिया
तुम अब गृह का निर्माण नहीं कर सकते
टूट कर गिर गई हैं कड़ियाँ और
ध्वस्त हो गया है शिखर''
लगभग दो हजार पाँच सौ उन्तीस वर्ष पहले
निरंजना नदी के किनारे की वह पहले पहर की रात
जब खो गए सारे रास्ते, रज भी शांत हुआ, आस्रव रुद्ध हो चले
और तुमने कहा कि दुख का भी अंत हुआ
महापरिनिर्वाण से पूर्व
कुशीनारा के शाल वन में
शास्ता ने प्रिय शिष्य आनंद से कहा—
सत्य के साथ रखना तर्क
भोग के साथ अप्रमाद, अतियों से बचना
यह एक नदी थी करुणा की
जो हर बार नई थी
धोए इसने युद्धों के कल्मष
यहाँ ईश्वर ऐसे था जैसे नहीं था
इस महोत्सव की चमकीली आत्मा पर आतंक नहीं था
सत्य के अकेले पाठ का
यह नदी बहती रही
इतिहास के शुष्क पन्ने नम रहे इसकी आर्द्रता से
एक सुबह
दो सौ गायों के रक्त में सनी उस मूर्ति के टुकड़े बटोरने
जब सूर्य निकला
अफ़ग़ानिस्तान के बामियान में
वृद्ध बुद्ध और युवा आनंद
साफ कर रहे थे रास्ता जो रुँधा पड़ा था
भय, अज्ञान और घृणा से








