बहु मत

अरुण देवअरुण देव16 Sept 1972

3 min read · 12.4K reads

 

एक

कच्चे रास्ते हैं
धूल और कीचड़ से भरे टूटे-फूटे ऊँचे-नीचे 
मुख्य सड़क के बग़ल से फूटते हुए 

आठ लेन की चमचमाती सड़क से कट कर कहीं खो जाते हैं
कभी उन पर बैलगाड़ी दिखती है
बुग्गी, भैंसे पर लुढ़कती हुई
ताँगा जिसे खींच रही है भूरे रंग की घोड़ी 
गाभिन है
वह एक खच्चर की माँ बनेगी 

मेहनती खच्चर जिसकी यौन आवश्यकताएँ शून्य होंगी
मुख्यधारा के लिए ढोएगा गाँवों से गुड़, सब्ज़ वग़ैरह

मुख्य पर जब कोई पहुँचता है पार कर उप की जकड़बंदी
पहले तो रपट जाता है

सोलह पहियों पर दौड़ता ट्रक ढो रहा है 
पहाड़ों के करीने से कटे मांस के बड़े-बड़े टुकड़े 

पीछे-पीछे पेड़ों के शव हैं उनकी उम्र कच्ची है
बत्तीस पहियों पर लेटे हैं एक दूसरे पर 

अब उसे इसी विश्वात्मा में रहना है
इसी वसुधैव कुटुंब में उसे अपनी मड़इया डालनी है

इतना बड़ा विश्वास मत 
और कहाँ वह कु-मति

बिसरा देनी है बोली-बानी
परब उपपूजाएँ 

सह संस्कृतियों के लिए कोई जगह नहीं है
इस भूमंडलीकृत वैश्वीकरण में  

जो अलग हैं वे दुर्घटनाओं के संभावित प्रक्षेत्र हैं 

जब इतना विशाल बहुमत 
तो शोर और चमक भी बहुमत 
बातें भी बहुमत 
विवाद बहुमत 

खाना पहनना चलना बैठना पढ़ना सुनना सोना देखना लिखना छपना 
बहुमत

चुप अल्पमत 

बहुमत में इस तरह घुसते चले आते हैं अल्पमत 
विराट में शून्य शून्य और शून्य 

हम बहुमत का सम्मान करते हैं
अल्पमत कृपया बहुमत आने तक शांत रहें

बहु मत
बहु मत
बहु मत।

दो

जो बहुमत के साथ नहीं हैं 
कृपया यहाँ से प्रस्थान करें
करें प्रस्थान 

जाओ यहाँ से 

जब पचास प्रतिशत से अधिक लोग 
जो कि बहुमत होते हैं
प्रचंड होते हैं 
पाँच साल के लिए मुहर लगा दिए हैं  

तो तुम यहाँ क्या कर रहे हो?

लोकतंत्र है 
तो इसका मतलब क्या 

कुछ भी बोलोगे
लिखोगे

करोगे राष्ट्र का अपमान? 

आपकी बात का कोई मतलब नहीं है
जितना कहा जा रहा है उतना करो

और सुन बे 
उतना ही करियो।

तीन

एकमत इस पर एकमत हैं कि अब वे बहुमत में हैं
वे हर जगह हैं
बस में ट्रेन में रेस्त्राँ में 
अख़बारों में टी.वी. में सीरियल में फ़िल्मों में
गिरहकट और हत्यारों में भी 
यहाँ तक कि सुबह की सैर को निकले ढलती उम्र के थके घुटनों में भी  

झुकिए थाली पर कौर उठाने को
खड़ा जैसे आपको घूर रहा हो एकमत

बातें कीजिए मत जानकर
डपट जाने का डर है 

गली से गुज़रते हुए बहुत से एकमत देखते हैं आपको
फुसफुसाते हैं 
फिर हँसते हैं

चौराहे पर तो रास्तों का मतांतर है  
ट्रैफ़िक पुलिस ने हाथ से इशारे करते हुए हुड़का
दाएँ बाजू से निकलो

सभा में पीछे की ओर चुप बैठ सुन रहा था एकमत की दहाड़

आप ताली नहीं बजा रहे हैं
एक कार्यकर्ता ने चेतावनी दी

सब्ज़ ख़रीदते हुए किसी बिसरे फल का जब मैंने नाम लिया

इसे लीजिए
आजकल सब यही खा रहे हैं

एक अल्प का पीछा करते तमाम एक
दर्ज करते हुए उसके एक-एक शब्द 

भोज भात में यह किसके साथ खड़ा था 
इसके घर कितनी बार अल्पमत की डोर बेल बजती है
यह जो किताब इसने ख़रीदी है 
पता करो इसका कौन है लेखक?

मुनादी फिर रिक्शे पर बज रही है
न जाने ज़िल्लेइलाही क्या नया पैग़ाम देंगे!

    
अरुण देव
About the poet

अरुण देव

View profile & all 90 Poems / Stories

More from अरुण देव

  1. क्या तो समय - अरुण देव

    शिक्षा : जवाहरलाल नेहरू विश्व-विद्यालय(नई दिल्ली) से एम.फिल.,पी.एच.डी. ,विश्व-विद्यालय अनुदान आयोग की फेलोशिप के अंतर्गत मोहन राकेश और आचार्य महावीरप्रसाद द्दिवेदी पर शोध कार्य, क्या तो समय (कविता-संग्रह) 2004 भारतीय ज्ञानपीठ,नई दिल्ली, कुछ आलोचनात्मक लेख, संस्कृति,उपनिवेश और हिंदी आलोचना बहुवचन-८, राष्ट्र की अवधारणा, भारत का अतीत और भारतेन्दु हरिश्चन्द्र,बहुवचन-11,उपनिवेश और हिंदी का स्वरूप,बहुवचन -२५ ,Mahatma Gandi international Hindi University,Verdha....... हिंदी नवरत्न.

    12.4K reads
  2. दाँत का टूटना - अरुण देव

    जहाँ से टूटा था दाँतजीभ बार बार वहीं जाती सहलाती

    12.4K reads
  3. बाएँ बाजू का टूटना - अरुण देव

    दाएँ हाथ में बायाँ अदृश्य रहता थादायाँ ही जैसे हाथ हो

    12.4K reads
  4. आओ, आत्महत्या करें - अरुण देव

    १)इतिहास में उन्होंने कभी मुझे मारा था

    12.4K reads
  5. ततैया का घर - अरुण देव

    घरों में कहीं किसी जगह वह अपना घर बनाती हैंछत्ते जहाँ उनके अण्डे पलते हैं

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय