प्रश्न काल - अरुण चन्द्र रॉय

अरुण चन्द्र रॉयअरुण चन्द्र रॉय30 Sept 1972

5 min read · 12.4K reads

भाई साहब
ए़क स्कूल चला था
मेरे गाँव के लिए
दिल्ली से
कोई साठ साल पहले
और
पीढियाँ गुज़र गईं
स्कूल के इन्तज़ार में
रौशनी से महरूम

ख़बर
नहीं बन सका
स्कूल का गुम जाना
कभी किसी
अख़बार में
कोई रपट नहीं आई
कभी धरने नहीं हुए
किसी प्रेस वार्ता में
कोई असहज नहीं हुआ
क्योकि
यह प्रश्न पूछा ही नहीं गया
यही नहीं
भाई साहब
एक अस्पताल भी
चला था
मेरी गाँव की ओर
और
सुना है
अभी भी
वो रास्ते में है
लेकिन
इन साठ सालों में
मेरी हज़ारों बहने
जचगी के दौरान
पहुँच गई ऊपर
लेकिन
नहीं पहुँच सका
अस्पताल मेरे गाँव

ना तो
अस्पताल का नहीं पहुँचना
ख़बर बन सका
ना ही
मेरी बहनों की मौत

कभी किसी
पत्रकार ने
नहीं उछाला जूता
किसी
मंत्री
सांसद
विधायक
कलेक्टर के आगे
ना ही
इस पर हुआ कभी
संसद में वाक्आउट

ना ही
कभी
पूछा गया
संसद में कोई प्रश्न
प्रश्नकाल में ।

है ना
प्रश्नकाल यह
मेरे गाँव के लिए !
अरुण चन्द्र रॉय
About the poet

अरुण चन्द्र रॉय

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like