बँटवारा - अरुण चन्द्र रॉय

अरुण चन्द्र रॉयअरुण चन्द्र रॉय30 Sept 1972

6 min read · 12.4K reads

चलो भाई
बड़े हो गए हैं
हम
अब कर लेते हैं
बँटवारा

माँ के दूध का
हिसाब लगा लेते हैं
बड़े ने कितना पिया
मँझले ने कितना पिया
और छुटकी को
कितना पिलाया माँ ने दूध
ज़रूरी है इसका हिसाब
अगर कोई
कमी-बेसी हो तो कह लेना
लगा लेना कीमत

पिता के
खेत-खलिहान तो हैं नहीं
सो बाँटने के लिए बस है
उनका प्यार
परवरिश
दिए हुए संस्कार
साथ ही परवरिश में किया गया फ़र्क
ठीक से हिसाब लगा लेना
कुछ छूट ना जाए
रात-रात जो जाग कर
अपने कंधे पर झुला कर जो रखा था
उसकी कीमत लगा लेना
उन्हें भी बाँट लेंगे

याद है तुम्हे
ये दालान
जिस पर चौकड़ी जमा
हम सब सूना करते थे
क्रिकेट का आँखों देखा हाल
बी0 बी0 सी0 के समाचार
बतकही और
बहसबाजी
बाँट लो उन पलों को
हँसी के ठहाकों को
उनसे उपजी ख़ुशी को

ये दो कमरे हैं
किसने कितना पसीना बहाया
किसने कितनी ईटें ढोई
लगा लो इसका भी हिसाब
बहुत आसान हो जाएगी
ज़िंदगी

अंतिम क्षणों में
बहुत रोए थे पिताजी
सब बेटो और बहुओं के लिए
कुछ आँसुओं के बूँदें
मोती बन गिरी थीं
मेरे गमछे में
बस, मैं नहीं बाँट सकता हूँ इन्हें
अरुण चन्द्र रॉय
About the poet

अरुण चन्द्र रॉय

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like