दु:स्वप्न - अरुण आदित्य

अरुण आदित्यअरुण आदित्य

6 min read · 12.4K reads

रात का दूसरा या तीसरा प्रहर था
निगाह अचानक दीवार घड़ी पर पड़ी
उल्टी दिशा में चल रही थीं उसकी सुइयाँ
 
कोने में रखे गमले में भी उग आया था विस्मय
वहाँ पत्तियों से हरा रंग गायब था
और फूलों से लाल
 
बच्चे के खिलौनों से भी हुआ था खिलवाड़
हैण्ड ग्रेनेड जैसी दिख रही थी क्रिकेट की गेंद
तमंचे की नाल में तब्दील हो गई थी बांसुरी
 
हिम्मत करके बुकशेल्फ़ की तरफ़ देखा
किताबें सिर झुकाए पंक्तिबद्ध
जा रही थीं कबाड़ख़ाने की ओर
अचानक किसी शरारती किताब ने धक्का दिया
ज़मीन पर गिर गई बच्चे की ड्राइंग बुक
खुल गया वह पन्ना जिसमें उसने बनाया था
जंगल में भटक गए आदमी का चित्र
मगर ताज्जुब कि उस दृश्य से
अदृश्य हो चुका था आदमी
दृश्यमान था सिर्फ़ और सिर्फ़ जंगल
 
कमरे में बहुत अन्धेरा था
पर उस बहुत अन्धेरे में भी
बहुत साफ़-साफ़ दिख रहा था ये सारा उलटफेर
 
उजाले के लिए बल्ब का स्विच दबाना चाहा
कि लगा 220 वोल्ट का झटका
और इस झटके ने ला पटका मुझे
नींद और स्वप्न से बाहर
 
घबराहट में टटोलने लगा अपना दिल
वह धड़क रहा था बदस्तूर
सीने में बाईं तरफ़
मैंने राहत की सांस ली
कुछ तो है जो अपनी सही जगह पर है ।
अरुण आदित्य
About the poet

अरुण आदित्य

View profile & all 31 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like