बड़े ने छेड़ते हुए-से कुछ पूछा
छोटे से
दौड़ती-भागती इस ट्रेन में मच्छर क्यों नहीं हैं?
छोटे के जवाब में मासूमियत तारी थी—
उन्हें हिचकोले खाना पसंद नहीं
अब सवाल दाग़ने की बारी छोटे की थी
बड़े से पूछा
रात में ट्रेन की खिड़की से देखो
तो चाँद हमारे संग-संग ही क्यों बना होता है?
मासूमियत संक्रामक होती हो शायद
बड़ा कुछ छोटा हो चला था
उसके उत्तर में सादगी की ख़ुशबू थी—
चाँद को पसंद है
हिचकोले खाती ट्रेन को
ऊपर से यूँ एकटक निहारना।








