महनीय मौन

अर्पण कुमारअर्पण कुमार14 Sept 1977

1 min read · 12.4K reads

मैं उन्हें फ़ोन करता हूँ

धीर-गंभीर आवाज़ में वे पूछते हैं—कौन

बताता हूँ अपना नाम और देता हूँ परिचय

जिसके लिए संपर्क किया

बताता हूँ वह बात भी

वे कहते हैं पूरी गंभीरता से—कुछ दिन बाद बात करेंगे

कुछ दिनों में कुछ दिन पूरे हो जाते हैं

मैं उन्हें पुनः फ़ोन करता हूँ

आवाज़ की अचंचलता बनी रहती है

अजनबियत भी

सवाल फिर से वही—कौन

जवाब में नाम, परिचय और काम

सब बता देता हूँ एक साँस में

गीता-ज्ञान साधा निरपेक्ष और संजीदा स्वर

आख़िर मचल कैसे सकता है

मेरे उत्साह और आवेग बने रहें अपनी जगह

वह भला इनसे दो-चार कैसे हो सकता है

जवाब मिलता है—यात्रा में हूँ, कुछ दिनों बाद बात करेंगे

बीतती है उनकी यात्रा-अवधि

फ़ोन करता हूँ उन्हें पुनः पुनः

चिंतनशील स्वर को

किसी एंप्लीफ़ायर की ज़रूरत हो शायद

वे धीमे से पूछते हैं—कौन

मैं पुनः पुनः पुनः बतलाता हूँ

वे पुन: पुनः पुनः रहते हैं मौन।

अर्पण कुमार
About the poet

अर्पण कुमार

View profile & all 59 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like