जो राजधानी में हैं
वे बढ़-चढ़कर पोस्ट लिखते हैं
राजधानी से बाहर
शहरों और क़स्बों में जाने की
जो शहर और क़स्बों में हैं
राजधानी की अपनी परवाज़ के
चित्र लगाते हैं
दोनों ही तरफ़ के लोग
यात्राओं के भीतर
कई और यात्राएँ कर रहे होते हैं
पूर्ववर्तियों में कि परवर्तियों में
अफ़सरों में कि कर्मचारियों में
नेता में कि अनुयायियों में
सदचारियों में कि दुराचारियों में
अँधियारे या कि भोर
हर ओर-छोर
इस कोर कभी उस कोर
हैं ऐसे शेख़ीख़ोर चहुँओर।








