दिल्ली में जहानाबाद – एक - अर्पण कुमार

अर्पण कुमारअर्पण कुमार14 Sept 1977

6 min read · 12.4K reads

मेरे जन्म से पहले ही से
था जहानाबाद
दिल्ली में देखता हूँ
टीवी के पर्दे पर

लोग डरते हैं जहानाबाद से
मैं लोगों की पुतलियों से
झपकते डर को
हाथ बढ़ाकर
छूना चाहता हूँ

मैं बताता हूँ
मेरा बचपन
निरापद गुजरा है
अपने गाँव में
जहानाबाद संसदीय क्षेत्र में

लोग चतुर हैं
जहानाबाद के एक गाँव को
पूरा जहानाबाद नहीं मानते

मैं जहानाबाद के आतंक को
लोगों के डायनिंग टेबल से
हटाना चाहता हूँ
लोग बड़े-बड़े कौर चबाते
रुक जाते हैं सहसा
घिग्घी बँधने लगती है
मुझसे आगे बात करते हुए
दिखने लगते हैं अचानक उन्हें
कई-कई जहानाबाद
मेरी आँखों में
प्लेट अधूरी छोड़
भाग पड़ते हैं
वाश-बेसिन की तरफ
एक-एक कर के

कुर्सी पर अकेला बचा
गर्दन पीछे कर
उन्हें कातर निगाहों से
देखता सुबकता
टेबल पर
औंधा गिर पड़ता है
नेपथ्य में
एक साथ कई दरवाजों के
लगने की आवाज़
धड़ाम से आती
और शांत हो जाती है

मेरे जन्म से पहले ही से
था जहानाबाद !

जहानाबाद मुझसे
क्योंकर पैदा हो गया !
अर्पण कुमार
About the poet

अर्पण कुमार

View profile & all 59 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like