कंजड़ी - अर्चना लार्क

अर्चना लार्कअर्चना लार्क7 Sept 1988

5 min read · 12.4K reads

गाँव में आते ही कंजड़ी एक गीत गाती थीं
वह था रोने का गीत
साथ में किशोर बेटी सुर मिलाती
सुर तेज़ होता जाता
और भीड़ जमा होती जाती

इसी बीच किसी घर से
एक औरत
एक मौनी चाउर, दाल, पिसान दे जाती
गाँव के मर्द लड़की को हाथ ऊपर कर नाचने को कहते
उनकी आंखें उसके ब्लाउज़ पर टिक जाती

कंजड़ी रोज़ अपना ठिकाना बदलतीं और गाती
कबिरा यह जग बौराना
सफ़र पर ही रहता उनका रोने का गीत
उनकी आँखें स्थिर होती थीं
वो गला फाड़कर गातीं
जैसे उन बेहिस आँखों और अपनी बेबसी को एकाकार कर विद्रोह कर रही हों

कंजड़ी अच्छे घर की अच्छी बहू बन क़िस्मत को रोती नहीं
बतकही करती थीं
लार टपकाती लोगों की आँखों को
अपने बदन पर झेलती रहतीं

एक दिन सुना है
लाठियों से लैस उन्होनें कुछ शोहदों की खूब पिटाई कर दीं बगल के गांव में
और निकल गईं कहीं दूर
अब कंजड़ी मेरे गाँव नहीं आती हैं ।
अर्चना लार्क
About the poet

अर्चना लार्क

View profile & all 35 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like