बुश के हाथ में बम हैं
बुश बमबम हैं
आतताइयों ने धकेलकर
दुनिया को पहुँचा दिया है
बर्बरता के मध्ययुग में
अब इक्कीसवीं सदी में आकर
फिर से कहना पड़ता है—
लाठी है तो भैंस है
यानी ब्लेयर साहब की ऐश है
दुनिया तैश में है तो रहे
है तो आख़िर भैंस ही
बम के धमाकों के बीच
भाषा में न बानी में
न कविता में कहानी में
वह गले तक डूबी हुई है पानी में
पानी से बाहर निकालने का सारा ख़र्च
उठाएँगे बुश साहब
देखिए, लाठी लेकर पानी में उतर रहे हैं ब्लेयर
तक तब आप किनारे पर खड़े होकर
बीन बजाते रहिए
इस बुरे वक़्त में आख़िर
कब तक किया जा सकता है इंतज़ार
कि आएँगे कभी अच्छी कविता के दिन।








