पानी जम कर हुआ रूपहला
बर्फ़ है लेकिन सर्द नहीं है
सूखी माटी पर धुंधलका
कोहरा होगा गर्द नहीं है
सुख मासूम है छुपा नहीं है
ग़म कोई भी फ़र्द नहीं है
ये सब जो कहती रहती हूँ
ये मेरा दीवाना-पन है
दर्द नहीं है दर्द नहीं है
दर्द नहीं है दर्द नहीं है
पट्टी बाँध रखी उंगली पर
गहरे भेद गया था नश्तर
कहती रहती थी वो सब से
हाथ पकड़ पर देख सँभल कर
ज़ख़्म अछूता रख कर छू ले
है कोई हमदर्द नहीं है
डर बस ज़ख़्म के रिसने का है
दर्द नहीं है दर्द नहीं है
इस को कोई छोड़ गया है
इस को कोई तोड़ गया है
रिश्तों की दीवार सुर्ख़ है
सर कोई फिर फोड़ गया है
तोड़ गया जो छोड़ गया जो
दिल उस का बे-दर्द नहीं है
टूटे छूटे दिल हँसते हैं
दर्द नहीं है दर्द नहीं है
सब ने सच का स्वाद चखा है
कौन सखी है कौन सखा है
सिलवट भर मुस्कान का पर्दा
रुख़ से रुख़ तक ओढ़ रखा है
काग़ज़ का नक़ली गुलदस्ता
सूखा है पर ज़र्द नहीं है
देखो सब हैं शाद यहाँ पर
किन धागों ने बाँधा हम को
किन धागों को बाँधा हम ने
फूल गाँठ से बाँधी ख़ुशियाँ
गाँठ से गाँठ को बाँधा ग़म ने
गाँठ गठीला जीवन सारा
इन गांठों का मेल नहीं है
क्यों सुलझाएँ काट न दें क्यों
जाल है आख़िर जेल नहीं है
कुछ मजबूर हैं कुछ हैं आदी
कुछ इतने बे-दर्द नहीं हैं
हाल जो पूछो सब बढ़िया है
दर्द नहीं है दर्द नहीं है
दर्द नहीं है दर्द नहीं है








