वियोग

अरमान आनंदअरमान आनंद

1 min read · 12.4K reads

उस शहर का स्वाद नमकीन हो जाता है

जहाँ आप अपना प्रेम छोड़ आते हैं

उस शहर की रातें गीली

और सुबह की दूब

ओस के भार से हल्की झुकी होती है

उस शहर का चेहरा

प्रेमिका के चेहरे जैसा ही उदास

मकान, दुकान, मस्जिद, मंदिर, गुरुद्वारों की

दीवारें बदरंग होती हैं

उस शहर के बाग़ कुम्हलाए होते हैं

उस शहर में फूलों में ख़ुशबू नहीं होती

उस शहर का सूरज आईने पर

छूटी हुई बिंदी होता है

उस शहर की छत पर चाँद अकेला आता है

उस शहर गलियों में हवा धीरे-धीरे गुज़रती है

रात भर जागे हुए शहर के सुबह की आँखें लाल होती हैं

उस शहर की शाम देर से ढलती है

उस शहर में रात

दुनिया की सबसे बड़ी और बेबस रात होती है

रात के अंतिम पहर में शहर

धीरे-धीरे किसी का नाम पुकारता है।

अरमान आनंद
About the poet

अरमान आनंद

नई पीढ़ी के सुपरिचित कवि-लेखक।

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like