बजरडीहा

अरमान आनंदअरमान आनंद

1 min read · 12.4K reads

नल का पानी

जहाँ उतरकर सड़क पर जमे

और शर्म से काला पड़ जाए

जहाँ मर्द आँत के रेशों को बुनकर

संसार की सबसे सुंदर स्त्री के लिए साड़ियाँ तैयार करते हों

औरतें

हया को ज़रूरत मानकर

चिथड़ों में लिपटी हुई

धागों के थान लपेट रही हों

दुनिया के ट्रेडमिल पर हाँफने के साथ जहाँ

रात की रोटी

अगली सुबह के लिए पानी में ग़र्क़ कर दी जाती हो

जहाँ करघों के खटर-पटर में दुधमुँहे की आवाज़

अनंत कालों के लिए दबा दी जाती हो

जहाँ करघा ही माँ है बाप है भाई है स्कूल है

नवाज़ुद्दीन की किसी फ़िल्म का डायलॉग है

करघे का चलना साँसों का चलना है

करघे का बंद होना

किसी कुपोषित बच्चे का अनाथ होना है

अच्छे दिन जहाँ दिन में भी झाँकने नहीं आते

अच्छे दिन के लिबास वहीं से जाते हैं

ये वही बजरडीहा है

ऐ मेरे मदमस्त बनारस

बता न

बजरडीहा में तेरा पता क्या है?

अरमान आनंद
About the poet

अरमान आनंद

नई पीढ़ी के सुपरिचित कवि-लेखक।

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like