आसमान पर मक्खियाँ भिनभिना रही हैं
सूरज निर्दोष के ख़ून का धब्बा है
पृथ्वी मेज़ पर नचाकर छोड़ा हुआ एक अंडा है
जिसके गिरकर फूटते ही
सारा आदर्श बहकर बेकार हो जाएगा
जिसके होंठों से अभी भी नहीं उतरा था
माँ के दूध का रंग
वह तीन साल का बच्चा मर गया
सूडान में भुखमरी से मरा
सीरिया से भागता हुआ मेडिटेरियन सी में डूबकर मरा
पेरिस में गोलियों का शिकार हुआ
और भारत में एक क़स्बे में
उसके हिस्से की हवा छीन ली गई
और दूसरे से भात
वह अभी कहाँ जान पाया था
कि रंगों का भी मज़हब है
उसकी भी एक जाति है
भगवा
हरा
और
नीला
सिर्फ़ रंग नहीं है
एक राजनीति है
दुनिया के कई खेल हैं
गुड्डे-गुड़ियों
और काठ की गाड़ियों से अलग
कुर्सियाँ भी सिर्फ़ कुर्सी खेल
तक सीमित नहीं है
पिता के कंधे पर
उसका मरा हुआ बच्चा
पृथ्वी और पाप से भी अधिक भारी होता है
पसलियों से अधिक आत्मा थकती है
माँ से अधिक नियति रोती है
अरे यम मृत बच्चे की इस लटक रहे हाथ की हथेली को थामो तो ज़रा
अरे यम एक पल के लिए तो रुको तो ज़रा
इस हथेली से मुलायम और मज़बूत
भला दुनिया की कोई और चीज़ है क्या
जाने से पहले
एक बार अपनी माँ की उँगली को भींच लेते बच्चे
देखो तुम्हारी माँ के स्तनों का नमकीन समंदर
उसकी आँखों में उतर आया है
जिस पर सिर्फ़ तुम्हारा हक था
बच्चे
अभी जबकि तुम्हारे सवालों से दुनिया को जूझना था
और तुम ख़ामोश हो
अभी जब तुम्हारी खिलखिलाहटों में इस उदास दुनिया को हँसना था
और तुम ख़ामोश हो
अभी जबकि तुम्हारे आँसुओं में
बुद्ध अपनी करुणा का पाठ पढ़ते
और तुम ख़ामोश हो
तुम्हारी चुप्पी भारी पड़ रही है
पृथ्वी को
जहाँ से उठा लिए हैं धरती से तुमने अपने पाँव
वहीं से धरती का कलेजा फट रहा है।








