सिर दर्द का जो मज़हब होता है
वही मज़हब है मेरा
मेरे लहू में बह रही है
कभी न ख़त्म होने वाली उदासी
आसमान से उल्टे लटके दिनों को जीते हुए
रातों से मुहब्बत हुई मुझे
नींद उन्नीस के पहाड़े-सी रही
मुझे कभी आई ही नहीं
मैं बहुत चाहता रहा कि आ जाए
पर हर बार मायूसी ही मिली
जैसे घर लौटने पर चबूतरे पर अम्मा मिलती थी राह देखते हुए
पिता मूमफली के दाने की तरह खो गए
अम्मा भाप की तरह उड़ गईं
मैं पत्थर की तरह बचा रहा
तुम्हारे बारे में कुछ पता नहीं
बताने वाले बताते हैं
तुम नदी बन गई थी
जिसका पानी खारा था
और मन फीका।








