विदा अपवित्र औपचारिकता है

अनुराधा सिंहअनुराधा सिंह1 Aug 1971

1 min read · 12.4K reads

खूँटा स्थायित्व नहीं बँधने की जगह है

खूँटे को ठौर मान लेने में कितना समय लगता है

कितना समय लगता है यह समझने में

कि पानी में पत्थर की परछाईं नहीं

पत्थर था

मैंने तुम्हारे बंद दरवाज़े पर

एक अधूरी प्रेम-कविता लिख छोड़ी थी उस दिन

तो अब हाथ खींच रही हूँ

उसे पूरा करने की जवाबदेही से

जेठ में बाघ प्यासे मर रहे हैं गीर वन में

सुदूर पश्चिम में एक चंपा सूख रही है

तुम्हारी गाथा को मेरे होने का पूर्णविराम नहीं चाहिए था

विदा अपवित्र औपचारिकता है

कहाँ-कहाँ तर्पण किया मैंने तुम्हारा साथ

कहाँ-कहाँ छोड़ा स्मृति में थामा हुआ हाथ

कहाँ-कहाँ बैठ माथे से पोंछे तुम्हारे होंठ

किस-किस मोड़ से मुड़ आई हूँ बिना पलटे

इतने सारे काम और एक शब्द ‘विदा’

यह भी छोड़े जा रही हूँ नियंत्रण रेखा पर अनकहा।

अनुराधा सिंह
About the poet

अनुराधा सिंह

इस सदी में सामने आईं कवयित्री। स्त्रीवादी विचारों के लिए उल्लेखनीय। मूल नाम : अनुराधा सिंह जन्म : 01/08/1971 | ओबरा, उत्तर प्रदेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहवासी अनुराधा सिंह का युवा-कविता और स्त्री-कविता में पिछले कुछ वर्षों में तेज़ उभार हुआ है। उन्होंने म…

View profile & all 26 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like