उसे व्यर्थ होते देख रही थी

अनुराधा सिंहअनुराधा सिंह1 Aug 1971

1 min read · 12.4K reads

उसने बताया कि अक्सर फलाँ पत्रिका में

मेरी कविता पढ़ता रहता है

मैं हँसी बाआवाज़

यूँ कि आँख में पानी आ गया

कितना अच्छा है कवि होना

कितना सुंदर, स्त्री होना

वह ख़ुश हुआ

उसे मेरे मन के चोर दरवाज़े की

आसान चाबी

मिल गई थी

मैं जो हँस देती हूँ अपनी कविताएँ

पढ़े भर से

कल्पना में देख रही थी उसे

अपनी कविता उस पत्रिका में

पढ़ते हुए

जिसमें वह छपी नहीं थी

मैं उसे ख़ामख़्वाह होते देख रही थी

मोम होते देख रही थी

पिघलते देख रही थी

फिर जमते और पत्थर होते देख रही थी

मैं उसे व्यर्थ होते देख रही थी

और हँस रही थी...

अनुराधा सिंह
About the poet

अनुराधा सिंह

इस सदी में सामने आईं कवयित्री। स्त्रीवादी विचारों के लिए उल्लेखनीय। मूल नाम : अनुराधा सिंह जन्म : 01/08/1971 | ओबरा, उत्तर प्रदेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहवासी अनुराधा सिंह का युवा-कविता और स्त्री-कविता में पिछले कुछ वर्षों में तेज़ उभार हुआ है। उन्होंने म…

View profile & all 26 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like