एक खौंचा सिया
कि छोटी पड़ गई ज़िंदगी
बड़े महँगे हो रफ़ूगर तुम
ये क्या कि मरम्मत के वक़्त काट छाँट देते हो
कैसे जिया जाएगा इतने कम में
उसने नज़र उठाई वह भी बेज़ार
सुई की नोक भी
निशाने पर मेरी आँख, बेझप
कौन है तू?
मैंने चूम लीं उसकी उँगलियाँ
और उन उँगलियों की हिक़ारत
फ़ुसफ़ुसाई कान की लौ पर, वक़्त थरथराया
तुम आलीपनाह
मेरा नाम कुछ भी हो सकता है
जैसे नाचीज़
और अब अगर जान लिया है मेरा नाम
तो रफ़ू करो मेरा सब फटा उधड़ा
मिला दो मेरी चिंदी-चिंदी
जोड़ दो यह चाक जो बढ़ता ही जा रहा है हर घड़ी
नहीं भरता यह ज़ख़्म कोई वक़्त मरहम
लो सिलो पूरी दयानतदारी
थोड़ी फ़िज़ूलख़र्ची से
कि अब भी सलामत है मेरी फटी जेब चाक गरेबाँ
ख़स्ता आस्तीन
सिलो कि सलामत रहें तुम्हारी उँगलियाँ
उनकी हिक़ारत।








