मैं ग़लत वक़्त पर हँस दी पुरख़ुलूस
तो मेरे दिल के आर-पार सड़कें बना दी गईं
भीड़ में किसी जूते ने मसल दीं मेरी नाज़ुक उँगलियाँ
और मैंने कह दिया, कोई बात नहीं
ग़लत फ़िल्में देखीं मैंने
जिनमें औरतें जी बड़ा कर कहती थीं,
जाओ, ख़ुश रहो
मैंने जी कड़ा कर कहा
जाओ ख़ुश रहो
और वे चले गए, ख़ुश भी रहे शायद
जब मुस्कुराने से आसान हो सकती थी ज़िंदगी
मेरा गला भर आया
सुख बह गया आँसुओं के रास्ते सब
बस, सही वक़्त पर रोने का हुनर नहीं आया
ज़ार ज़ार रोने
सिर पटक देने
विदा होते हुए रास्ते पर जान दे सकने के समय भी
हँसती रही मैं आँख मुँह गाल और देह से
किवाड़ में उंगली दे कर भी
कराह निकली आँसू नहीं
बारिश में सिर की छत से अधिक
दुख में कविता ने रखी है मेरी लाज
लोग जानते हैं आस-पास
कि कविता करते हुए आँसू निकल ही आते हैं बेसाख़्ता
मैं चाहती हूँ वे कभी न जाने
कि आँसुओं और कविता से पहले दुख आता है
पहली बार दुख हुआ था तो
साइकिल की चढ़ी चेन को
ज़्यादा चढ़ाती रही थी
आँसू गिरते रहे एन ग्रीस की जगह
आसमान धीरे धीरे स्याह हुआ था बहुत
ज़िंदगी की गाड़ी ठीक से चलाने में
ग्रीस से ज़्यादा आँसू काम आए
और काम आती रही यही धोखेबाज़ मुस्कुराहट।








