मैं फिर बेहतर थी

अनुराधा सिंहअनुराधा सिंह1 Aug 1971

1 min read · 12.4K reads

उसने बहुत दिया मुझे

अब वापस कैसे करूँ उतना सब

जिन दिनों वह दे रहा था मुझे दुनियादारी के सबक़

दुनिया झुलस रही थी

बैर की आग में

तरुण यज़दी लड़कियाँ

नोची जा रहीं थीं दरिंदों के हाथों

मैं फिर बेहतर थी।

जितने कष्टसाध्य काम थे

उन सबके घाट पर ला खड़ा किया है उसने मुझे

मेरे जैसे कमज़ोर इंसान के लिए

किसी से मुँह फेर लेना असंभव था

अंतर्भूत था स्वयं से प्रेम करना

उसने सुनिश्चित किया कि

कोई प्रेम न करे मुझे अब

मैं भी नहीं।

फिर भी बेहतर हूँ उन औरतों से

जो अपने देशों की लड़ाई में ख़ून-खच्चर हुई थीं सरापा

दिल भी हुआ था उनका

दिल ही सबसे ज़्यादा

मुझे तो सिर्फ़ चीख़ती धूप में खड़ा कर दिया

कुचलती रौंदती बारिश के नीचे

ठगी गई थी मैं ऐसी

कि मेरा सारा असबाब सलामत था

वह सिर्फ़ मुझसे प्रेम करने की सायत

और रिवायत ही तो भूला था

और क्या हुआ था मेरे साथ

मैं बहुत बेहतर थी

लीबिया, सीरिया की बेटियों और अफ़गान औरतों से

बहुत बेहतर थी मैं उन औरतों से

जिनके दुःख दिखते हैं

जो छाती पीट कर रो सकती हैं

पछाड़ खा सकती हैं

विलाप कर सकती हैं

नहीं दिखा सकती मैं अपने ज़ख़्म

किसी पेचीदा मरहम को

नहीं माँग सकती बेनींद रातों का हिसाब

एहतियाती सिरहाने से

नहीं रोई कभी

क्योंकि मैं सबसे बेहतर थी।

अनुराधा सिंह
About the poet

अनुराधा सिंह

इस सदी में सामने आईं कवयित्री। स्त्रीवादी विचारों के लिए उल्लेखनीय। मूल नाम : अनुराधा सिंह जन्म : 01/08/1971 | ओबरा, उत्तर प्रदेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहवासी अनुराधा सिंह का युवा-कविता और स्त्री-कविता में पिछले कुछ वर्षों में तेज़ उभार हुआ है। उन्होंने म…

View profile & all 26 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like