बच्ची कह रही है वह ब्याह नहीं करेगी
मैं उससे कह रही हूँ
मुर्ग़ियों का दड़बा खुला छोड़ने से वे आज़ाद
नहीं हो जातीं
उन्हें श्वान मार देते हैं
मैं चाहूँगी वह स्थूल न हो
न सँवलाए धूप में ज़रा
वह समझे कि लड़कियों का सुंदर ना दिखना समाज-विरोधी बात है
और यह ज़रा भी असंगत नहीं
कि स्त्री जो आजीवन देह के अभियोग से मुक्ति चाहती रही
अपनी संतान का सुंदर होना चाह रही है
असुंदर लड़कियाँ रसद नहीं होतीं
असुंदर लड़कियाँ ईंधन नहीं होतीं
युद्ध में संधि प्रस्ताव और
शांति में मैत्री मनोरथ नहीं
क़ाबिल शिकार तो होती ही नहीं
लाज़मी होती हैं इस तरह
कि प्रणय-निवेदन नहीं लिखे जा सकते उनके लिए
असुंदर लड़कियाँ ऐसा कुछ नहीं बन पातीं जो
उन्हें सूँघ लिया, चख लिया, बिछा लिया जाए
यह कैसा स्वीकार्य है कि एक दिन मैं
उस बच्ची के मुख पर सफ़ेद पोत दूँ
बना दूँ लाल और काले से उसके नई आँखें भँवें होंठ
पर यह कितना संगीन होगा कि
वह अविश्वास से तके मेरा मुख
सोचे, क्यों दिमाग़ से काम लेना सिखाते-सिखाते
मैंने उसे देह बना डाला।








