एक दुनिया जिसमें मैं हूँ—
भीड़ के बीचोंबीच
एक दुनिया जो मन के भीतर है
जहाँ नहीं पहुँचती भीड़ कोई
एक दुनिया जो है सभ्यताओं की
जिसमें मैं रहती हूँ—
सभ्यताओं के बीच
सभ्यताओं से पनपे शहर में
शहर की सभ्य भीड़ के साथ
इस शहर में
कोने वाले घर में
रहती हूँ मैं
और मेरे भीतर बसता है एक बीहड़—
सभ्यताओं से दूर
अपनी दुनिया में
जहाँ अनगढ़-सी बोली में
मैं रचती हूँ कच्ची कविताएँ!








