एकांत

अनुराधा अनन्याअनुराधा अनन्या

1 min read · 12.4K reads

मैं अपने साथ हूँ—अकेली—

ख़ुद के खोल से उधड़ती हुई

मन की गाँठें खोलती

अपने आपसे सुलझती हुई

अपने अकेले जंगल में

अपनी अकेली धरती पर

चलती

रुकती

दम भरती

अपनी धुन पर थिरकती हुई

इस जहाँ से दूर

किसी और जहाँ में

जो सिर्फ़ मेरा है

मैं जिसमें मैं हूँ

और मैं अपने साथ हूँ—अकेली—

अपने ही मन के आँगन में

बेपरवाह

बेलिबास

बेलिहाज़

अपने पूरे बदन के साथ—अकेली—

ख़ुद अपनी रूह में उतरती हुई

मैं अपने साथ हूँ—अकेली।

अनुराधा अनन्या
About the poet

अनुराधा अनन्या

नई पीढ़ी की कवयित्री और अनुवादक। स्त्रीवादी विचारों के लिए उल्लेखनीय। मूल नाम : अनुराधा अनन्या जन्म : जिंद, हरियाणा

View profile & all 6 Poems / Stories