घर गृहस्थी - अनुप्रिया

अनुप्रियाअनुप्रिया2 Sept 1982

5 min read · 12.4K reads

गृहस्थी की
पगडण्डी पर
निकल पड़ी हूँ थाम कर
तुम्हारा साथ
कभी डगमग डोलती सी
कभी चुपचाप नजरों से
देखती है मुझे मेरी
घर गृहस्थी
कभी नमक
तो कभी आटे का बर्तन
उदास मिलता है
कभी दाल
कभी तरकारियों का स्वाद
जंचता नहीं है
रह जाते हैं कई कई काम अधूरे
चिपकी रह जाती है धूल
खिडकियों पर
मैले परदे
चिढाते हैं मुंह
कभी सख्ती से
कभी होकर नाराज
करती हूँ बातें
खुद से
बदलना होगा
नए नए तरीके होंगे सीखने
घर दुरुस्त रखने के
पर
रह जाती है हर सीख अधूरी
मन तो बांध कर
अपना डेरा डंडा
निकला पड़ता है
अक्षरों की टोलियों संग
मिटटी की यह देह
अधूरी
चलती है
चलती रहती है
घर के कामों के पीछे
दिन भर जुटी रह कर भी
रोज कई नए कामों की
नयी फेहरिश्त बनायीं जाती है
कि
परेशान हूँ आजकल
आखिर ये गृहस्थी कैसे चलायी जाती है
अनुप्रिया
About the poet

अनुप्रिया

View profile & all 9 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like