शब्द - अनूप सेठी

अनूप सेठीअनूप सेठी10 Sept 1958

5 min read · 12.3K reads

शब्द छू कर लौट जाते हैं
त्वचा का स्पर्श लिए
सिरहन रोमांच रत्ती भर नहीं
छुवन की अगन भर बालते हैं शब्द

आत्मा के कुंभ में गोता लगाने को उद्धत
अक्षर-अक्षर डूबते
सूखी लकड़ी-से तैर आते हैं

जिंदगानी के अपने हैं हाल बदलहाल
शब्दों की कुछ और ही है
बनी बनाई चाल

शब्द बिना कुछ कहे लौट जाते हैं

शोर मचाते हुए आत हैं
तूमार खूब बाँधा जाता है
साइकिल की पीठ पर बँधी सिल्ली जैसे
ठिकाने पर लगने से पहले ही गल जाते हैं

शब्द ही शब्द झंखाड़ धूल
धक्कड़ कितना असबाब
पेड़ भी शर्म से सिर झुकाए रहते हैं

शब्द भुनभुनाते हैं उछल कूद मचाते हैं
अधबीच दम तोड़ जाते हैं
सोचते होंगे कागज
कोई किश्ती बना के ही
तैराता हवाई जहाज उड़ाता
चेहरे पर मली कालिख
छिपाते फिरते हैं कागज

जरा देर चुप रह के देखो
कितना कुछ कितना ज्यादा माँगते हैं शब्द.
अनूप सेठी
About the poet

अनूप सेठी

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like