सहोदर - अनुज लुगुन

अनुज लुगुनअनुज लुगुन10 Sept 1986

5 min read · 12.4K reads

घोड़े अब नहीं रहे
जिन्हें हम घोड़े कहते हैं
वे खच्चर हैं
और गन्दुरा खच्चरों को हाँक रहा है

खच्चर उन जगहों के लिए बोझा ढोते हैं
जहाँ ट्रेक्टर, ट्रोली या ट्रक नहीं पहुँचते
कभी-कभी ये खच्चर
अपनी पीठ पर
सेना के लिए गोला बारूद भी ढोते हैं
खच्चर ऐसे ही सड़कों पर
अपने होने को दर्ज करते हैं

कई बार सोचता हूँ
क्या खच्चर अपने सहोदरों का इतिहास जानते हैं
क्या वे यह जानते हैं कि
कभी हरे घास का मैदान था
जहाँ उनकी आँखें पागुर करती थी
क्या वे यह जानते हैं कि
बोझा ढोने वालों की प्रजाति
इतिहास में हमेशा सुरक्षित की गई है

शाम होते ही खच्चर लौट रहे हैं अपनी लीक पर
गन्दुरा उन्हें हाँक रहा है इतिहास के एक दूसरे मोड़ पर
मैं भी लौट रहा हूँ उसी रास्ते
सबके कन्धे पर बोझा है
लेकिन खच्चरों का क्या कहना
वे तो रोज़ उसी भाव से लीक पर चल रहे हैं

खच्चर घोड़े नहीं हैं
खच्चर घोड़ों के सहोदर हैं
सब बोझा ढोने वाले सहोदर हैं
जैसे कि कुछ इतिहास में दर्ज हैं
जैसे कि कुछ विलुप्त हैं
जैसे कि कुछ अभी चल रहे हैं ।
अनुज लुगुन
About the poet

अनुज लुगुन

View profile & all 93 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like