शाहिद

अनुज लुगुनअनुज लुगुन10 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

तुम इतने डरे हुए क्यों हो शाहिद

क्या तुम इसलिए डर गए कि

कभी अगर दंगा हुआ तो

तुम मारे जाओगे संख्या में कम होने की वजह से

या इसलिए डरे हुए हो कि

कोई रामनिवास मारा जाएगा

उस इलाक़े में अपनी संख्या कम होने की वजह से

बोलो शाहिद क्यों डरे हो?

चलो आओ, मैं तुम्हें सुनाता हूँ एक क़िस्सा

शायद तुम्हारा मन बहल जाए

तो सुनो—

''एक राजा था वह हिंदू था और एक मुसलमान था वह राजा था

ऐसे ही कुछ और समुदाय के लोग थे और उनके अपने राजा थे

और सभी राजा एक दिन मर गए और सभी प्रजा भी मर गई

लेकिन याद राजा को ही किया गया

हिंदू, मुसलमान या किसी समुदाय के लोगों को नहीं

अपने-अपने समुदाय के हमारे-तुम्हारे जैसे लोग दफ़ना दिए गए

न कोई शाहिद रहा और न ही कोई रामनिवास

जो इतिहास बना वह राजा का बना

जो स्मारक बने वे राजा के बने

हम-तुम कहाँ हैं शाहिद वहाँ?

कहाँ हैं वहाँ हमारे बूढ़े माँ-पिता और बच्चे?

जबकि हम उनके लिए ही अपने बच्चे जन्मते रहे हैं?”

तो फिर तुम डरे क्यों हो शाहिद

आओ मैं कोई राजा नहीं हूँ

जैसे तुम शाहिद हो वैसे ही मैं रामनिवास हूँ

मैं हूँ, तुम हो

तुम हो, मैं हूँ और हमारे बाल-बच्चे हैं

तुम्हारी बुनकरी है, तो मेरा बालटा है, छेनी है, हथौड़ा है

यही हैं वो औजार जो दुनिया को सुंदर बनाते हैं

आओ, डरो नहीं शाहिद

आओ इस पत्थर को हम मिलकर आकार दें एक सुंदर बच्चे का

जिसके हाथ में हो फिर से हुनर छेनी का, हथौड़े का, बुनकरी का।

अनुज लुगुन
About the poet

अनुज लुगुन

View profile & all 93 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीये बुत जो हम ने दोबारा बना के रक्खा हैये बुत जो हम ने दोबारा बना के रक्खा हैइसी ने हम को तमाशा बना के रक्खा है— मुनव्वर रानाख़फ़ा होना ज़रा सी बात पर तलवार हो जानाख़फ़ा होना ज़रा सी बात पर तलवार हो जानामगर फिर ख़ुद-ब-ख़ुद वो आप का गुलनार हो जाना— मुनव्वर रानाअम्मी का चूल्हामैं उस समय की बात कर रहा हूँ जब कोयले के चूल्हे जलते थे,और छप्पर से धुँआ उठता था।— फ़रीद ख़ाँचोरजेबें आपकी हैंहाथ चोरों के— हरि मृदुल