चूल्हों की दुनिया

अनुज लुगुनअनुज लुगुन10 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

हम चूल्हों की दुनिया से आए थे

जहाँ चूल्हों के लिए आग थी

आग के लिए लकड़ी थी

लकड़ी के लिए पेड़ थे

पेड़ों के लिए जंगल था

जंगलों के लिए पंछी थे

और पंछियों के लिए माँदल थे

पूरा परिवार था

चूल्हों की दुनिया में

चूल्हों का बँट जाना

परिवार का बँट जाना था

लोगों का नहीं

चूल्हों की महक

पड़ोसियों के घर

आ-जा सकती थी

लोग सहज ही जानते थे

चूल्हों की बात

और इसके लिए

मंदिर-मस्जिद या, कहीं भी

चोंगा से बात फैलाने पर

बात नहीं बिगड़ती थी

चूल्हों की बात पर

लोगों के मुँह में

पानी भर जाता था

या लोग नाक सिकोड़ते थे

लेकिन इससे कभी

किसी के देवता नाराज़ नहीं हुए

चूल्हों की बात पर ही

लोग सड़कों पर उतरते थे

जुलूस की शक्ल में

गोलियाँ चलती थीं

कारख़ानों सें चिमनियों की जगह

मज़दूर आसमान भेदते थे

खेतों से किसान

लोकगीतों से धार देते थे

अपने ग़ुस्से को

और जिनके चूल्हों को

अछूत कहा गया

उनके चूल्हों में ही

सबसे ज़्यादा सपने खौलते रहे हैं

चूल्हों की दुनिया में सबके लिए

एक समान बात थी—स्वाद और ताप

किसी बीते में नहीं है यह दुनिया

किसी दूसरे के हाथ में नहीं है इसकी चाभी

यह हमारे ही अंदर है

जो केवल तनी हुई बंद मुट्ठियों से खुलती है।

अनुज लुगुन
About the poet

अनुज लुगुन

View profile & all 93 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाहाँ इजाज़त है अगर कोई कहानी और हैहाँ इजाज़त है अगर कोई कहानी और हैइन कटोरों में अभी थोड़ा सा पानी और है— मुनव्वर रानाजबकि भारत उन्हीं का हैकहाँ है उनका ठिकाना? त्रिपुरा, असम, बंगाल,संताल परगना, दक्षिण भारत, मेघालय में— बीरेंद्र चट्टोपाध्यायभूमिहीनभूख के शिकार पर निकले ये शिकारीएकदम मुकम्मल आदमी हैं— हुकुम ठाकुर