तुम उसे अपना प्रियतम चुनना
जिसे शर्मिंदगी न हो
भरे बाज़ार में तुम्हारा हाथ थामने से
जो चूम ले तुम्हारे माथे को सरेआम
और कह दे ज़माने से कि
उसे गर्व है तुम पर
तुम प्रेम उसी से करना
जो तुम्हारे होने को जान सके
तुम्हारे होने को स्वीकार कर सके
जो समझ सके तुम्हारे संवेदनाओं को
तुम्हारा होना या न होना
जिसको महसूस हो,
जिसको साथ का एहसास हो
तुम प्रेम उसी से करना
जो सिर्फ़ बड़ी-बड़ी बातें न करे
जो मामूली से मामूली काम में साथ हो
और जिसको यह करते हुए भान न हो
कि वह है दुनिया के बाक़ी मर्दों से अलग
या फिर प्रोग्रेसिव,
सहजता हो जिसके व्यवहार में
प्रेम उसी से करना जिसको इंसानियत पर भरोसा हो
जो खुलेपन को ज़िंदगी मे जगह देता हो
जिसमें स्वीकार्यता का बोध हो
जो इमोशनल होने पर समझे
कि सब कुछ प्रैक्टिकल तरीक़े से नहीं होता तय
जो सामाजिक कुरीतियों को न सिर्फ़ समझे
बल्कि उसका विरोध भी पुरज़ोर करे
जो तुमको इंसान के रूप मे प्रेम कर सके
जिसे भरोसा हो तुम पर
जो जानता हो ज़िंदगी ख़ूबसूरत बनाना
समानता, अपनत्व और सहयोग से
प्रेम तुम उसी से करना
साथी तुम उसे ही चुनना।








