झरनों के दरमियाँ से गुज़रने लगी है शाम
भीगी हुई फ़ज़ा से निखरने लगी है शाम
कमरे में बद-गुमान जो रखा था आईना
हाथों में उस को ले के सँवरने लगी है शाम
अब सुब्ह-ए-गुल-फ़िशाँ का ज़माना क़रीब है
सेहन-ए-चमन में आ के ठहरने लगी है शाम
सोने न देगी चैन से फिर रात भर मुझे
आँखों में धीरे धीरे उतरने लगी है शाम
बोसीदा सी सवाद की चादर को ओढ़ कर
सोनी गली गली से गुज़रने लगी है शाम








