प्रेम-ग - अनिल पुष्कर

अनिल पुष्करअनिल पुष्कर2 Sept 1980

4 min read · 12.4K reads

वो ख़्वाबों के पर गिनती है
और हर बार कुछ पंख टूटकर गिरते हैं ज़मीन पर
हर बार कुछ रंग उड़ान से कम हो जाते हैं
कुछ संकल्प पलस्तर से उखड़ते
कुछ कल्पनाएँ बेतरतीब बिखरती
कुछ चुनिन्दा नींद के बादल घटते अम्बर में धुँधलका बढ़ता है

और वो फिर नई उत्तेजना, रोमांच के साथ
भरती है उड़ान
कि कहीं तो होगा वो आकाश
जहाँ पंख टूटने का खतरा उसे अब नहीं डराएगा
जहाँ सपनों में जीते हुए वो कई सदियाँ फलांग जाएगी
जहाँ रंगीन दरिया में वो देर तक आकण्ठ डूबी रहेगी ।

मगर इस ज़मीन में एक सुरंग खुलते ही
फिर किसी अनचाहे ख़ौफ़ का पर्दा उसे ढक लेता है
और वो फिर किसी सुबह की एक सुर्खी के लिए लड़ती है
उसे वो लालिमा चाहिए जिसे आँखों की कोर में भरे
जन्नत की सैर पर निकले
तो कोई अफ़सोस उसका पीछा न कर सके....
अनिल पुष्कर
About the poet

अनिल पुष्कर

View profile & all 37 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like