राजाओं के सपनों में घास नहीं आती
कितनी ग़ज़ब बात है कि
जंगल ने भी कभी नहीं बुलाया
तपस्वियों को अपने पास
ईजा कहती है कि उसके सपने में
अक्सर आती है घास
जंगल तो अलस्सुबह ही
बुलाने लग जाते हैं
उसे अपने पास
घास
दोस्त है ईजा की
ईजा ने रचे हैं
जंगलों की छाती पर
घास तक पहुँचने के
सबसे पुख़्ता रास्ते
ईजा और घास
इतने क़रीब हैं कि
दोनों ने अपनी ज़मीनें ढाँप लीं
दोनों ही उग आईं
सबसे कठोर चट्टानों पर
दोनों ने ही सँभाली नमी
और उसकी एक-एक बूँद
इस तरह धरती बची रही
सूख जाने से!








