तुम्हारा रक्तकमल

अनिल जनविजयअनिल जनविजय28 Sept 1957

1 min read · 12.4K reads

देखो!

तुम सभी देखो

उस औरत को देखो

मुझे

मालूम है सब कुछ

उस औरत के विषय में

जिसे उन्होंने रक्तकमल पर खड़ा किया है

तुम्हारा रक्तकमल

उस

औरत के

हाथों से टपकते

चंद चाँदी के सिक्के ज़मीन पर

ख़ुश मत हो!

तुम्हारे रक्त से निर्मित

वे सिक्के तुम्हारे नहीं हैं

उनके हैं

जिनके पास रक्तकमल है

तुम्हारा रक्तकमल

वे फेंकते हैं सिक्के तुम्हें

सेकते हैं भट्ठी पर

भूनते हैं माँस-बोटी टूँगते हैं

शेष बचे रक्त से रक्तकमल उगाते हैं

औरत लाते हैं और

फिर सिक्के गिराते हैं

समझो तुम

फँस मत जाना, सावधान रहना

सिक्के मत उठाना

नहीं तो वे फिर

तुम्हारा रक्त माँगेंगे

नया रक्तकमल उगाने के लिए।

अब

एक काम करो तुम

चाक़ू बन जाओ

तेज़ी से जाओ—वार करो

जड़ सहित रक्तकमल काट लाओ

तुम्हारा रक्तकमल।

अनिल जनविजय
About the poet

अनिल जनविजय

View profile & all 70 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like