हक़ - अनिल गंगल

अनिल गंगलअनिल गंगल

8 min read · 12.3K reads

मुझे हक़ दो कि अपने हक़ माँग सकूँ
मुझे मेरे हक़ चाहिए

मुझे अपने और सिर्फ़ अपने हक़ चाहिए
इतने बरस सोता रहा मैं कुम्भकर्णी नींद
उम्र के इतने बरस मैं भूला रहा अपने हक़
अब जागा हूँ
तो मुझे मेरे हक़ चाहिए

आपने मुझे गालियाँ दीं
मैं सोता रहा
आपने मुझे ठोकरें मारीं
मैं चुप रहा
आपने मुझे बेघर किया
मैं कुछ नहीं बोला
आपने मेरी लँगोटी छीन कर मुझे नँगा कर दिया
मैं और गाढ़ी नींद की सुरँग में गुम हो गया

अच्छा किया
जो आपने मुझे दशाश्वमेध की दिशा में ले जाने वाली
युगों लम्बी नींद से जगा दिया

अब पूरी तरह जाग चुका हूँ मैं
और माँगता हूँ आपसे अपने हक़

मगर मैं नहीं चाहता
कि मेरे पड़ोसी को भी उसका हक़ मिले
मैं नहीं चाहता
कि मेरी देखादेखी पड़ोसी भी हक़ के मामले में ख़ुदमुख़्तार हो
किसी भी हक़ से नहीं बनता पड़ोसी का कोई हक़
कि वह भी अपने हक़ की माँग करे
दावे से कह सकता हूँ मैं
कि मेरा लोकतन्त्र सिर्फ़ मेरे लिए है
जिसमें पड़ोसी की हक़ की माँग एकदम नाजायज़ है

आसाराम, राम-रहीम, फलाहारी
आप जिसकी चाहें उसकी क़सम मुझसे ले लें
कि सिर्फ़ मेरा अपने हक़ की माँग करना ही
इस नाजायज़ दुनिया में जायज़ है

भले ही पड़ोसी का हक़ न आता हो मेरे हक़ के रास्ते में
फिर भी यही सही है
कि मैं पूरी शिद्दत के साथ पड़ोसी का विरोध करूँ

वैसे पड़ोसी से मेरा कोई ज़ाती बैर नहीं
मगर विरोध के लिए विरोध करना तो
मुझे मिले लोकतन्त्र का तक़ाज़ा है

गँगापुत्र की तरह दोनों हाथ आकाश की ओर उठा कर
ऐलान करता हूँ मैं —
अपने लिए हक़ को छीन लेना
मगर दूसरों के द्वारा उसी हक़ की माँग पर अँगूठा दिखा देना ही
सच्चा लोकतन्त्र है।
अनिल गंगल
About the poet

अनिल गंगल

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like