सफ़र बिना लक्ष्य के

अमृत रंजनअमृत रंजन28 Aug 2002

1 min read · 12.4K reads

दिन-रात सोचना रहता हूँ,

कब जाऊँगा सबसे बड़े सफ़र पे,

सफ़र बिना लक्ष्य के।

सुनसान, शांत यही सोचा है

मैंने उसके बारे में।

वह सफ़र जिसमें रास्ता न हो,

बस धूप का पीछा करते रहें।

पहाड़ों के बीच से

हवाओं को खींच के

चल दें हम

सफ़र बिना लक्ष्य के।

लेकिन जब भी मन को मनाते हैं

‘‘तैयार हो जा एक सफ़र के लिए’’

मन मान जाता है

लेकिन जब हम

धूप, सुनसान और शांत रस्ते पर

निकल रहे होते हैं

तभी मन बोलता है

‘‘अरे भाई, नक़्शा मत छोड़ जाना।’’

अमृत रंजन
About the poet

अमृत रंजन

नई पीढ़ी के कवि-लेखक। मूल नाम : अमृत रंजन जन्म : 28/08/2002 | दिल्ली

View profile & all 15 Poems / Stories