बहुत कोमल है
टूटे हुए पत्ते की ऐंठ। और
बहुत करुण—
ऐंठ के टूटने की कर्कश-ध्वनि।
जिस छाया में आने को तपा वह ग्रीष्म,
पीला पड़ा, कना, झड़ा : उस छाया में गिरा
क्या पेड़ के सूख जाने के कौतुक से भरा है?
कि मैं—
उसे हथेली पर रखकर
मुट्ठी भींचने से पहले सोचता हूँ [कि]
‘‘तुम्हारे लिए इतनी दूर आने के बाद
यदि मैं इस छाया में पहुँचा हूँ तो यह रास्ता ख़त्म हो जाना चाहिए!’’
[यद्यपि यह एक ऋषि की प्रार्थना नहीं है
कि एक टूटे हुए पत्ते की स्थिति से
वसंत नहीं आना चाहिए!]








