आकाश में पानी इतना आपसी हो गया है
कि पृथ्वी पर उसकी घनी छाया
जैसे अंधकार है।
हवा ने ठहरकर
पत्तियों का कंपन सोख लिया है।
न सूखने को होने से पीली पड़ी
रास्ते की घास ने जड़ें छोड़ दी हैं—
कि, अब प्रतीक्षा किस बात की?
अधिक कहने की आवश्यकता में सधा हुआ मौन
एक खटके भर के लिए मुझे झकझोर रहा है
जैसे
मैं मर गया हूँ :
अंत में, कितने साक्ष्य हैं
कि जिनके प्रस्तुत/अप्रस्तुत होने में कोई भेद न होने से
मेरी आँखें पथरा गई हैं—
अपलक रह जाने के बाद भी—कि,—
मैं चाहे हूँ : तुम चाहे हो।








