तुम नहीं लौटे
और सूर्य की दृष्टि तिरछी होने लगी है
माथे पर लंबवत टपकता है एक-एक क्षण
चीनी यंत्रणा विधि की तरह
जबकि बताने के लिए मेरे पास कोई सच बचा नहीं है
देवदूतों ने अभी कहा
यह यंत्रणा उस पवित्र सच के बाद मिलती ही है
क्या करूँ?
एक झूठ बोलकर बचने का प्रयास?
‘मुझे तुम्हारी प्रतीक्षा नहीं है!’
हा! मूर्छा! मृत्यु भी विलंबित।








