इसी ज़मीन पर पैदा हुए हम
इसी पर खेले, कूदे, बड़े हुए।
इसी ज़मीन पर टपका
हमारे पुरखों का पसीना
ख़ून भी बहा इसी ज़मीन पर।
इसी ज़मीन की मिट्टी का
स्वाद मालूम है हमें
शरीर बने हैं हमारे
इसी ज़मीन की मिट्टी से
इसी ज़मीन की मिट्टी से
प्रेम है हमें।
इसी ज़मीन से
नापना चाहते हैं
हम भी आसमान की दूरी।
फिर ऐसा क्या है
कि इस ज़मीन की मिट्टी में
हम जो सपने बोते हैं
वे अंकुराते नहीं
दफ़्न हो जाते हैं।








