नदी के निकट
पैराव में नंदिवृक्ष पर तीतर के बोल
मौन इतने कि हिये के जलाकाश पर
कोई लहर नहीं बनती
कोई लकीर नहीं खिंचती
रोज़ रोज़ डाकबंगले से
इधर आ जाता हूँ
दाढ़ी, मूँछ, जटा, वदन सब
इसी जलाशय के तीर तीर की
मिट्टी से लीप कर बैठा रहता हूँ
दुपहर तक जब तक भूख नहीं लगती
शांति ऐसी साक्षात् है यहाँ
जैसे पुस्तक का अध्याय हो
कविता करने का जी नहीं होता
किंतु करता हूँ
अंतत: जाना तो है ज़िला मुख्यालय
वहाँ कौन समझेगा तीतर के बोलों के छंद








