वेश्या से मिलना-जुलना

अम्बर पांडेयअम्बर पांडेय1 Dec 1984

4 min read · 12.4K reads

 

सच्ची घटना पर आधारित

अर्धरात्रि से दूसरे दिवस दुपहर तक 
आगंतुकों की सेवा, फिर स्नान, पूजा,
भोजन, नींद
ऐसे कट गया जीवन पर वर्षा होते ही
उसे याद आता डिहरी, सोन के किनारे
उसकी जीर्ण कुटी और गृहदाह

एक दिन जब आगंतुक अधिक न थे
बहुत वर्षा हो रही थी और उसने खाट पर
बिछाई थी धुली हुई, कमलिनियों से भरी
चद्दर, निकट ही
स्टोव पर दूर दार्जिलिंग की चायपत्ती
गुड़गुमुड़ बोलती उबलती थी, उसने पूछा
''तुम क्या करते हो अमरन साहब?''

जैसे अम्माँ मुस्कुरातीं खिचड़ी स्वादिष्ट बनने पर
अम्माँ खिचड़ी अच्छी से अच्छी बनाने के
बहुत जतन करतीं
''रोगी का पथ्य उत्तम हो तब रोगी
फटाफट निरोग होता है'' मूँग की दाल
दुबराज, नमक और जल
जैसे पंचतत्वों से भाँत भाँत के जीव हुए
वैसे ही इन पाँच पदार्थों से
खिचड़ी के भिन्न-भिन्न स्वाद होते

''मैं कवि हूँ, कैथी।'' पता नहीं क्यों
उस बाज़ार की सब निर्धन वेश्याएँ साड़ी ही
क्यों पहनती थीं, साड़ी की किनोर से चाय की
पतीली पकड़े, वह हँसती, ठठाकर

''कवियों को नमक लेने को धन नहीं होता
कवि लोग वेश्याओं के घर बस
उपन्यासों में आते है अमरनचंद्र।''1

एक रात्रि बहुत नशे में उसके ब्लाउस में
अपनी कविता रखकर
आ गया मैं, उस रात्रि रुपया नहीं था मेरे निकट

बहुत दिनों बाद उसने फ़ोन किया
पैसे माँगती होगी किंतु वह शुरू हो गई
''संवाद पर संवाद ही तो लिखे हैं
कथा हो सकती है। कवि नहीं हो तुम
झूठे हो।'

फिर अगली बेर गया तो कहा
''मत आओ हर्पीज़ हो गया है।
बहुत पीड़ा है।
बहुत खेद है।''

मन बहुत विशाल पाकशाला है
उसमें अंधकार है मिट्टी का तेल है
मैं वहीं बैठ गया
और मन में ही चौके में
स्टोव में हवा भरने लगा
बहुत वर्षा होती थी
चौके की छत चूती थी

कालीमूँछ धान अल्प था
दाल मटर की थी मूँग की नहीं थी

इतने दुःख में भी वह हँसने लगी, ''कवि हो
तब भी कल्पना में भी
ऐसा अभाव है तुम्हारे।''

किस कवि ने कहा कि अदहन में भी
चावल डालते नहीं अकेले
मन जो एक विशाल पाकशाला है
तो देह उसमें खदकता अदहन है
सब अकेले ही जलते है

''हमेशा हाथ से नमक डालना
चम्मच से कभी नहीं'' अम्माँ की शिक्षा

नमक लेकर मैं अँगुलियों से
उसे तौलता रहा; कमर के एक ओर
जहाँ हर्पीज़ अधिक थी, उसे ऊपर कर
करवट ली, ''अमरनचंद्र जी, अपने मन की
इस विशाल, आँधमयी
जिसकी छत चूती है
उस पाकशाला में चाय बनाकर ही मुझे
पिला दो
नमक आँकते तो लंबा टेम खटेगा।''

रोगी का पथ्य उत्तम हो
तब रोगी फटाफट निरोग होता है

''अच्छा मैं अदरक लेकर आता हूँ तब।''
छाते कविताओं की ही भाँति
दुःख से पूरा नहीं बचा पाते थे—पतलून सोरबोर
बुशर्ट बरबाद, जनेऊ तक भीग गया
(पता नहीं क्यों मैं क्यों पहनता था उन दिनों
विष्णुपुर का जनेऊ!)

सब सृष्टि जलमयी थी, बुधवारपेठ2 में
कोई दिखता ही नहीं था, पनोरे, पड़ोह धलधल
बहते
सब दिशा गोड़डुबान जल था, एक चाय के ठेले पर
हम्माल मजूर चिमनी से बीड़ी सुलगाते थे

''पता था रीते हाथ लौटोगे, घटा कहती है कि
आज ही सब बरसूँगी'' चाय छानते उसने कहा

''बाहर गमले में अदरक बो रखी है मैंने
आपको बताने आती तब तक आप फ़रार।''

''अदरक को छुआछूत बहुत होती है न! कोई ऐसा वैसा हाथ
लग जाए सड़ जाती है...'' मैंने कहा।

उसने मुख उठाया, ''ओह रे बाबा, तुम्हें तो
माता निकली है'' जलते स्टोव के आलोक में
उसका कपाल देखकर मैंने कहा

''माता तो छोटी थी तब निकली थी
यह हाथ भर केश थे मेरे
आधे माता ले गई आधे कालाजार लील गया

लंबे  केशोंवाली वेश्याएँ बहुत कमाती है।''

''बार बार वेश्या क्यों कहती हो?''

''कोई शब्द पुरातन होकर बुरा तो
नहीं हो जाता न।''

पत्नी से अलग होने के पश्चात्, प्रतिदिन का
आना-जाना था उसके निकट
बहुत पहले की बात नहीं है
हाँ, तब वर्षा बहुत होती थी

और चिमनी से ही हो जाता था इतना
प्रकाश
कि जीवन चल जाए, एक-दूसरे के
दुःख और सुखों से भरे कपाल दिख जाए

''मैंने जब भी कोई कविता लिखनी चाही
दुख की छाया ने उस पर पड़कर सब नाश
कर दिया।''

''दुःख की छाया सुख की भूमि पर पड़ती है
सुख की छाँह मेघों की छाँह जैसी है
अभी थी अब नहीं। भंगुर है।''

''तुम कवि हो क्या, कैथी?''

हँस-हँस कर उसने कहा, ''हाँ हूँ
काहे से कि संवाद करना ही तो
कविता है तुम्हारी दृष्टि में...'' हर्पीज़ में भी
उसने हँस-हँस कर कहा।

अम्बर पांडेय
About the poet

अम्बर पांडेय

नई पीढ़ी के चर्चित कवि-लेखक। मूल नाम : अम्बर पांडेय जन्म : 01/12/1984 | द्वारका, गुजरात अम्बर पांडेय का जन्म 31 दिसंबर 1983 को हुआ। उन्होंने दर्शन शास्त्र में स्नातक किया है और सिनेमा से संबंधित अध्ययन पुणे, मुंबई और न्यूयॉर्क में किया है। वह हिंदी के अतिरिक्त…

View profile & all 15 Poems / Stories

More from अम्बर पांडेय

  1. शोक

    एकजले हुए होंठों या आँखों में जल की तरह व्याप्त होता है शोक। पहले भी था, मृतक के जीवन में आने के दिन की प्रथम रात्रि से उसके अनंत वियोग का शोक जल की तरह भीतर-भीतर रिसने लगता है। पाइपलाइन टूटने पर जैसे दीवाल बदरंग हो जाती है। इसी भीतरी रिसाव को अवसाद से मुक्ति पाने के लिए हम प्रेम, अनुराग आदि कह देते है। शोक इसलिए दारुण नहीं होता क्योंकि इसे सहा नहीं जा सकता, बल्कि यह तो शांति प्रदान करने वाला है। भय की समाप्ति शोक में ही तो है, किंतु शोक इसलिए असहनीय है क्योंकि यह संसार के समक्ष शोकाकुल को एकदम से नग्न कर देता है।

    12.4K reads
  2. हृदय के सड़े हुए भाग का विवरण

    सेबफल पर लगे घाव की तरह बहुत जल्दी लाल होता है।सेबफल तो फल भी नहीं वनस्पति के डिंबाशय का पूर्णपक्व भाग।

    12.4K reads
  3. संसार का अंतिम प्रेमी

    पत्नी की चिता दाघ देने के पश्चात् वह श्मशान में ही रह गया। गया नहीं घर। संसार श्मशान उसके लिए एक ही थे दोनों। सूतक निवारण हेतु स्नान को ढिग बहती नर्मदा तक नहीं गया वह। कपाल-क्रिया पूर्व मुंडन के पश्चात् शीश धोने के लिए भरा मटका रखा रहता है, उसका जल पी, चिताओं के धूम में पकते बेर खाकर, अस्थि की पोटलियों का तकिया कर जीवन किया।वाचस्पति मिश्र की भामती की भाँति सुशील थी उसकी गृहिणी। पिता तो आए नहीं कभी। माँ, बुआ और बहनें आती थीं ले जाने को घर, दूर से रोती, टेरती। जीवन तो जीवन का उद्देश्य नहीं। प्रेम, धर्म, विचार, परमार्थ, पर-हित के लिए जीवन है। प्रेम के लिए मरना उसे था प्रेय। किसी को पता न पड़ा, वह कब मरा!

    12.4K reads
  4. स्त्री के जीवन में कुंकुम और आलते का महत्त्व

    कालीघाट केकारख़ाने का कुंकुम ही भरतीं, जटा-जटा

    12.4K reads
  5. शारीरिक पीड़ा

    उसने हाथ ऐसे मस्तक पर रखे थे जैसे कोई पत्थर मार रहा हो या खंभे से उसका मस्तक बार बार टकरा रहा हो। उसकी शारीरिक पीड़ा का अस्पताल जाने से पूर्व बस इतना ही पता चला। उसका दाँत मुँह भींचने से अंदर ही अंदर टूट गया है यह पता ही नहीं चला किसी को भी। शारीरिक पीड़ा हमेशा मृत्यु से छोटी पड़ जाती है। धुली हुई साफ़ और ठंडी सफ़ेद चादर जैसे शव से अधिक समय तक प्रेम नहीं किया जा सकता हालाँकि जीवित मनुष्य शव में बदलते ही प्रेम करने के सर्वथा योग्य हो जाता है। जीवितों से प्रेम करने पर प्रेम घृण्य हो जाता है और शवों से प्रेम करने में शव प्रत्येक क्षण घृण्य होते जाते है, दुर्गंध से भरे, जो प्रेम नहीं करते उनसे पूछो।

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like