प्रकाश करने का भी दोष लगता है,
दीया जलाना, बत्ती का बटन दबाना
मणियों के कर्णफूल पहनना
या चुंबन के पीछे मुख का ज्योति से भर जाना
जैन धर्म में इन सबका दोष है, मीनाक्षी
फिर चाहे चार बार जाओ स्थानक
सूर्यास्त के बाद कबीट तक न खाओ
मटके की ढँकनी तक न उघारो
दोष से बरी होने को मुझे अपने ओंठ ऐसे दो
कि मैं सार सकल चूसकर श्रीहीन कर दूँ इन्हें
लघुदोष निवारण हेतु मैं करूँ मोटा पातक
आसक्ति में पतित होकर फजेती करवाने में
अर्धरात्रि फरसाण खाने में
मुझे कोई भय नहीं
श्रीपार्श्वनाथ की भगतिन मेरी प्रिया, बस
नरक में तेरा पृथकराग ही नरक है मेरा








